मेरठ बच्चा बदलने का आरोप लगा प्रसूता के परिजनों ने जिला अस्पताल में किया हंगामा

मेरठ। शुक्रवार की दोपहर एक प्रसूता के परिजनों ने स्टाफ पर बच्चा बदलने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
दरअसल, रसूलपुर जाहिद निवासी मौहम्मद शाहरुख की गर्भवती पत्नी को गांव की आशा कार्यकत्री गीता द्वारा बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के डफरिन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आशा कार्यकत्री गीता के मुताबिक दोपहर को महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। जिसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने आशा कार्यकत्री को लड़का होने की सूचना दी। जिस पर आशा कार्यकत्री ने कागजात में भी बच्चे को मेल बताकर एंट्री कर दी। इसी बीच बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल की नर्सरी में भर्ती कर दिया गया। शाहरुख का आरोप है कि शुक्रवार की सुबह वह अपने बच्चे को देखने पहुंचा तो अस्पताल के स्टाफ ने उसके हाथ में एक नवजात बच्ची थमा दी। जिसके बाद शाहरुख और अन्य परिजनों ने जिला अस्पताल के स्टाफ पर अपना बच्चा बदलने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल के अधिकारियों ने इन आरोपों का खंडन किया है। अधिकारियों के मुताबिक महिला ने एक बच्ची को ही जन्म दिया था। मगर आशा कार्यकत्री के सुनने में गलती हो गई और उसने बच्ची को बेटा बताकर कागजों में एंट्री कर दी।