अफगानी महिला से दोस्तों ने मेरठ हाईवे पर की मारपीट, कार से फेंका

रिपोर्ट:-राशिद खान
अफगानिस्तान की महिला के साथ उनके ही दोस्तों ने मारपीट की और हाईवे पर सिवाया टोल के पास कार से नीचे फेंक दिया।घायल महिला ने इस बात की सूचना टोल पर तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को दी।इसके बाद आरोपियों का पीछा किया गया,लेकिन कोई हाथ नहीं आया।आरोपियों के खिलाफ अफगानी महिला ने तहरीर दी है,पुलिस छानबीन में लगी है।
अफगानिस्तान निवासी शैलवा (40) नई दिल्ली में निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के भोगल के एक आश्रम में दो साल से रहती है।दो दिन पूर्व अपने अफगानिस्तान निवासी दोस्तों सादिक मुल्ला,मुस्तफ़ा,तबस्सुम के साथ वो कार से ऋषिकेश घूमने गई थी।शनिवार की रात सभी लोग वापस दिल्ली लौट रहे थे।इस दौरान हाईवे पर सिवाया टोल प्लाजा के पास महिला की अपने दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए उसे सिवाया टोल प्लाजा के पास कार से फेंक दिया और फरार हो गए। बदहवाश महिला को सड़क पर दौड़ते देख टोल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।पुलिस को बुलाया गया। पुलिस मोबाइल ने आरोपियों की कार का पीछा किया, लेकिन वो हाथ नहीं आए।
दूसरी ओर थाना पुलिस भी विदेशी महिला से मारपीट की जानकारी पर मौके पर पहुंच गई।महिला ने दौराला थाने पर आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।पीड़ित विदेशी महिला को रात को ही पुलिस ने महिला कांस्टेबल के साथ दिल्ली के निजामुद्दीन थाने में पुलिस के पास छुड़वा दिया।पीड़िता के साथ उसके दोस्तों ने मारपीट की थी।मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।