टाइपिंग के लिए नहीं पड़ेगी कीबोर्ड की जरूरत, Samsung ने पेश किया Selfie Type कीबोर्ड

दक्षिण कोरिया की कंपनी Samsung ने CES 2020 में एक खास और अनोखी तकनीक पेश की है। इस तकनीक को Selfie Type कहा गया है। इसके जरिए आप कीबोर्ड इस्तेमाल करना बंद कर देंगे या यू कहें कि भूल जाएंगे। इस तकनीक के जरिए यूजर्स कीबोर्ड पर अपनी निर्भरता को खत्म करने में सक्षम होंगे। इस तकनीक के जरिए कोई भी सर्फेस कीबोर्ड में बदल जाएगा। इससे संबंधित एक वीडियो जारी किया गया है।
जानें क्या है Selfie Type कीबोर्ड: यह एक इनविजिबल यानी बिना दिखाई देने वाला कीबोर्ड है|इसके लिए फोन के गैलेक्सी सेल्फी कैमरा प्लस AI का इस्तेमाल किया जाता है। यह यूजर के हाथ की मूवमेंट पर नजर रखता है और उसे ट्रैक करता है। इससे इनविजिबल कीबोर्ड इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके जरिए कोई भी सर्फेस कीबोर्ड में तब्दील हो जाएगा। इसके लिए कंपनी ने जो वीडियो जारी की है उसमें बताया गया है कि यह तकनीक कैसे काम करती है।
इस तरह करें इस्तेमाल: इस तकनीक को इस्तेमाल करना काफी आसान होगा। इसके लिए आपको फोन को वर्टिकल पोजीशन में रखना होगा। इसके बाद आप किसी भी सर्फेस पर टाइपिंग कर पाएंगे। अगर आप गैलेक्सी फोल्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं तो आप फोन को L शेप में रखकर टाइपिंग कर सकते हैं। यह कीबोर्ड फिलहाल इंग्लिश लैंग्वेज सपोर्ट करेगा।